देश में खाद्य तेल का उत्पादन बढ़ाने और ऑयल पाम की खेती करने वाले किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए गोडरेज एग्रोवेट ने तेलंगाना के खम्मम में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक इंटीग्रेटेड ऑयल पाम कॉम्प्लेक्स शुरू किया है। कंपनी का कहना है कि इस परियोजना से ऑयल पाम की खेती से लेकर तेल निकालने और प्रोसेसिंग तक की पूरी व्यवस्था एक ही परिसर में उपलब्ध होगी।
एक ही जगह मिलेंगी सभी जरूरी सुविधाएं
इस कॉम्प्लेक्स में उन्नत बीज, नर्सरी, रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) सेंटर, ऑयल पाम मिल और जल्द शुरू होने वाली रिफाइनरी की सुविधा होगी। इससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता के पौधे, आधुनिक तकनीक और तेज प्रोसेसिंग का लाभ मिलेगा।
तेलंगाना की पहली निजी ऑयल पाम मिल
इस परिसर में स्थापित ऑयल पाम मिल तेलंगाना की पहली निजी ऑयल पाम मिल है। इसकी शुरुआती प्रसंस्करण क्षमता 30 टन प्रति घंटा है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 60 टन प्रति घंटा किया जाएगा। इससे किसानों की उपज का तेजी से प्रसंस्करण हो सकेगा।
गोडरेज एग्रोवेट फिलहाल तेलंगाना में करीब 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में ऑयल पाम की खेती से जुड़ा है। कंपनी ने 2030 तक इसे बढ़ाकर 30 हजार हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस फसल से जुड़ सकें।
खाद्य तेल में आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम
कॉम्प्लेक्स में 'समाधान सेंटर' भी शुरू किया गया है। यहां किसानों को ऑयल पाम की खेती से जुड़ी तकनीकी सलाह, गुणवत्तापूर्ण पौधे, कृषि आदान, प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सेवाएं एक ही जगह मिलेंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उद्घाटन के दौरान तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का मल्लू ने कहा कि यह परियोजना राज्य में खाद्य तेल उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वहीं, गोडरेज एग्रोवेट की चेयरपर्सन डिज़ाइनेट बर्जिस गोडरेज ने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ देश की खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ सुनील कटारिया ने कहा कि पूरी वैल्यू चेन एक ही परिसर में होने से गुणवत्ता, प्रोसेसिंग और आपूर्ति व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर होगी।





